सरकार किसानों को तत्काल मुआवजा दे: संजय मूंदड़ा
सरकार किसानों को तत्काल मुआवजा दे: संजय मूंदड़ा – बेमौसमी वर्षा व ओलावृष्टि ने फसलों को भारी नुकसान
श्रीगंगानगर. भाजपा नेता संजय मूंदड़ा ने श्रीगंगानगर जिले के बेमौसमी बरसात और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बेमौसमी वर्षा और ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अनेक स्थानों पर फसलें तबाह हो गई हैं। मौसम अभी भी प्रतिकूल बना हुआ है। अगर ऐसा ही रहा तो किसानों की बची-खुची फसलें भी तबाह होने का अंदेशा है। मूंदड़ा ने आज जारी एक बयान मेंं कहा कि प्रतिकूल मौसम लगातार किसानों का दुश्मन बना हुआ है। पिछले साल अत्यधिक तापमान ने गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया। इस बार गेहूं की बंपर फसल की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अब बेमौसम वर्षा व ओलावृष्टि से गेहूं की फसल जमींदोज हो गई है।
मूंदड़ा ने कहा कि इससे पहले माह दिसम्बर-जनवरी में भी श्रीगंगानगर जिले में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था। आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने कल विधानसभा में दिए जवाब मेंं इस बात को माना है। मंत्री ने विधानसभा में बताया है कि दिसम्बर-जनवरी में जिन दस जिलों मेंं 33 फीसदी या इससे अधिक फसल खराबा हुआ है, उनमेंं श्रीगंगानगर जिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि फसल खराबे से किसानों की कमर टूट गई है। सरकार को चाहिए कि वह बीमा कंपनियों के क्लेम जारी करने का इंतजार न करे और किसानों के लिए तत्काल राहत पैकेज की घोषणा करे। विपरीत परिस्थितियों मेंं किसानों की मदद के लिए सरकार का आगे आना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि फसलों के बीमे की आड़ मेंं बीमा कंपनियां अपनी तिजोरियां भर रही हैं। पूरे प्रदेश में फसल बीमा क्लेम अटके हुए हैं। बीमा क्लेम के लिए किसानों को आंदोलन करना पड़ रहा है।