पर्यावरण को समर्पित होगा पायलट का जन्मदिन : अशोक चांडक
पर्यावरण को समर्पित होगा पायलट का जन्मदिन : अशोक चांडक
शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में होगा पौधारोपण
22 अगस्त 2021 श्रीगंगानगर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चांडक ने कहा कि पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का जन्मदिन इस बार पर्यावरण को समर्पित रहेगा। इसके तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में वृहद स्तर पर पौधारोपण करने का संकल्प कार्यकर्ताओं द्वारा लिया गया है।
अशोक चांडक ने बताया कि आगामी 7 सितंबर को कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का जन्मदिन मनाया जाएगा। कोरोना संक्रमण काल के दौरान उत्पन्न हुई ऑक्सीजन की कमी के हालात को गंभीरता से लेते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा इस बार पायलट का जन्मदिन प्रकृति एवं पर्यावरण को समर्पित करने का निर्णय लिया गया है। इस दिन शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा श्री पायलट के यशस्वी और दीर्घायु होने की कामना करते हुए पौधारोपण किया जाएगा। बताया गया कि श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र में 5 हजार पौधे लगाए जाने का संकल्प किया गया है। इनमें ऑक्सीजन उत्सर्जन की अधिकता वाले तथा औषधीय गुणों वाले पौधों का चयन किया गया है। श्री चांडक ने कहा कि पायलट के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और पौधारोपण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत के सरपंचों और पंचायत सदस्यों के साथ-साथ श्रीगंगानगर नगर परिषद क्षेत्र में पौधारोपण के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्षदों को पत्र भेजे जा चुके हैं। पौधारोपण अभियान की शुरुआत सभी स्थानों पर एक साथ की जाएगी। बताया गया कि यह पौधे सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ विद्यालय एवं चिकित्सालय परिसरों में लगाये जाएंगे।