राज्य में महिलायें असुरक्षित, सरकार सुरक्षा में विफल: संजय मूंदड़ा

राज्य में महिलायें असुरक्षित, सरकार सुरक्षा में विफल: संजय मूंदड़ा श्रीगंगानगर। भाजपा नेता संजय मूंदड़ा ने कहा है कि प्रदेश की गहलोत सरकार तानाशाही पर उतर आई है। आज जयपुर में शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रही भारतीय जनता महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की इसका प्रमाण है। महिलाओं को विरोध जताने के उनके अधिकार से तानाशाही तरीके से वंचित कर दिया गया। उन्होंने आज जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के साथ आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। सरकार ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की महिला कार्यकर्ता आज सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय पर एकत्रित हुई औरजब वे प्रदर्शन करने के लिए सीएमआर की ओर बढ़ रही थीं तो पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान दो महिलाएं बेहोश हो गईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गृह मंत्री का दायित्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास है लेकिन वह साढे 4 साल तक अपनी कुर्सी बचाने की कवायद में ही लगे रहे। राज्य की महिलाओं को उनसे संरक्षण की जो उम्मीद थी वह कभी पूरी ही नहीं हुई। महिलाओं की आबरू प्रदेश में सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। वह महिलाओं और बालिकाओं को अपना निशाना बना रहे हैं जिससे पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। चुनावों में इसका परिणाम कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *