नगर परिषद सभापति करुणा अशोक चांडक ने शहर के वार्ड नंबर 6 और 63 में 49 लाख के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
श्रीगंगानगर नगर परिषद सभापति करुणा अशोक चांडक ने शहर के वार्ड नंबर 6 और 63 में 49 लाख के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
13 july 2021 श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर नगर परिषद सभापति श्रीमती करुणा अशोक चांडक व कांग्रेस नेता अशोक चांडक ने शहर के वार्ड नंबर 6 और 63 में 49 लाख के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 6 में 25 लाख तथा वार्ड नंबर 63 में 24 लाख रुपए की लागत से सड़क, नाली- पुलिया निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्य करण करवाया जाएगा।
इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अशोक चांडक ने कहा कि नगर परिषद में शासित कांग्रेस का बोर्ड पूरी तरह से शहर के विकास को समर्पित है। सभापति द्वारा शहर के समस्त वार्डों के समुचित विकास की रूपरेखा तैयार की गई है। उसी रूपरेखा के अनुरूप निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं।
चांडक ने शहर में विकास कार्यों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि “रोटी उसी को खिलानी चाहिए जो भूखा हो तथा पानी उसी को पिलाना चाहिए जिसे प्यास हो”। उनका इशारा कच्ची बस्तियों में विकास की ओर था। श्री चांडक ने वार्ड 63 और उस जैसे अन्य अविकसित वार्डो को विकास के लिए उपयुक्त करार देते हुए कहा कि विकास कार्य यहीं से आरंभ किए जाएंगे और कार्य संपन्न होने के बाद ही आगे कदम बढ़ाया जाएगा। फिलहाल एलएनटी द्वारा सीवरेज पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने के बाद भी इस वार्ड में नाली, पुलिया और सड़क निर्माण के कार्य में यदि कोई कमी रही तो वे पुनः सब कार्य करवाएंगे। अभी फिलहाल 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यदि पैसा दुगना भी लगा तो वार्ड के विकास के लिए लगाया जाएगा।
चांडक ने कहा कि इस वार्ड की महिलाओं बच्चों और सर्व समाज के लिए पार्षद धर्मेंद्र मौर्य द्वारा प्रस्तावित स्थल पर शौचालय और सामुदायिक भवन बनवाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह प्रस्ताव अच्छा है। यदि यहां शौचालय का निर्माण होता है तो वार्ड की माताओं, बहनों, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यदि सामुदायिक भवन बनवाया जाता है तो पारिवारिक कार्यक्रम शादी विवाह रसम उठा ला अन्य आयोजन करवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। लेकिन यह कार्य तभी करवाए जा सकेंगे, जब सभी वर्गों की सहमति हो। वे किसी विवाद की स्थिति नहीं चाहते और विवाद की स्थिति में यह कार्य करवाएंगे भी नहीं। सभी नागरिकों की सहमति होने पर ही वे इसे पूरा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्यों में कहीं कोई कमी रहती है, तो विकास की अगली कड़ी में उन कार्यों को शामिल किया जाएगा।
वार्ड में नागरिकों द्वारा किए गए स्वागत सत्कार को लेकर श्री चांडक ने कहा कि यह सम्मान जनता का उन पर कर्ज है, जिसे वे समाज सेवा के कार्यों के माध्यम से चुकाएंगे।
सभापति श्रीमती चांडक ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में वे किसी भी प्रकार की दलगत राजनीति को आड़े नहीं आने देंगी। उन्होंने अपनी कर्म भूमि के विकास का सपना देखा है, जिसे वे अपने कार्यकाल के अंतिम दिवस तक हर हालत में पूरा करेंगी। शिलान्यास के लिए वार्डों में पहुंचने पर वार्ड नंबर 63 में नागरिकों द्वारा वार्ड पार्षद धर्मेंद्र मौर्य के नेतृत्व में सभापति श्रीमती करुणा अशोक चांडक व कांग्रेस नेता अशोक चांडक का पुष्प मालाए पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। वार्ड नंबर 6 में महिलाओं द्वारा सभापति को राजस्थानी साफा पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मोके पर वार्ड पार्षद धर्मेंद्र मौर्य व् आशा देवी खटीक के साथ साथ राजेश निर्वाण , नरेंद्र चौहान , पार्षद फहीम हसन , व् वार्ड वासी मौजूद रहे